मनोरंजन
10-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। टीवी धारावाहिक निर्माता संजय कोहली के खिलाफ वर्षों पहले दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर अभिनेत्री शिल्पा शिंदे के नए खुलासे ने उन्हें आलोचनाओं के घेरे में ला दिया है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने भी इस मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसी बीच, अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने एक नया वीडियो जारी कर अपनी चुप्पी तोड़ी है और अपना पक्ष रखा है। शिल्पा शिंदे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील साझा करते हुए उन लोगों को जवाब दिया है जो उनके बयान को लेकर अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं। उन्होंने अपने वीडियो में कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले लोगों को एफआईआर में दर्ज तथ्यों को देखना चाहिए। अभिनेत्री का कहना है कि आज लोग केवल यह दिखा रहे हैं कि संजय कोहली और उनके परिवार को कितना नुकसान हुआ है, लेकिन उनके साथ जो कुछ हुआ, उस पर कोई बात नहीं कर रहा। शिल्पा ने अपने वीडियो में इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने अपनी शिकायत में साफ तौर पर लिखा था कि उनके साथ जबरन शारीरिक संपर्क की कोशिश की गई थी। उनके अनुसार, उन्होंने एफआईआर में विस्तार से बताया था कि उनका हाथ पकड़ा गया और उन्हें अपनी ओर खींचने की कोशिश की गई थी। अभिनेत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और लोग बिना पूरी जानकारी के उन्हें गलत साबित करने में लगे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आज कोई यह क्यों नहीं देख रहा है कि उनके साथ क्या हुआ था और उन्हें किस मानसिक प्रताड़ना से गुजरना पड़ा था। शिल्पा के इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने उनके बयान पर फिर से सवाल उठाए, जबकि कुछ कलाकारों और संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी मामले को गंभीर बताते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हिना खान ने सोशल मीडिया पर शिल्पा शिंदे की हरकत को बेकार बताते हुए उन्हें ट्रोल किया था, जिसके बाद यह विवाद और गहरा गया। शिल्पा शिंदे का यह नया बयान एक बार फिर इस बहस को हवा दे रहा है कि यौन उत्पीड़न के मामलों में पीड़ित के बयानों को किस तरह से देखा जाना चाहिए और समाज तथा उद्योग को इन पर कैसी प्रतिक्रिया देनी चाहिए। मालूम हो कि शिल्पा शिंदे के एक पुराने यौन उत्पीड़न मामले को लेकर हालिया खुलासे के बाद से वह लगातार विवादों में घिरी हुई हैं। उनके इस बयान के बाद, हिना खान सहित कई कलाकारों ने शिल्पा को गलत ठहराया है, और सोशल मीडिया पर भी उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। सुदामा/ईएमएस 10 जून 2026