मनोरंजन
10-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही रिलीज हुई फिल्म पेद्दी में बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के किरदार के चित्रण को लेकर काफी आलोचना हो रही है। सोशल मीडिया पर पेद्दी की रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चाएं हो रही हैं। पेद्दी के निर्देशक बुची बाबू सना पर अभिनेत्री को ऑब्जेक्टिफाई और सेक्शुअलाइज करने के आरोप लग रहे हैं। पेद्दी में जाह्नवी कपूर को कथित तौर पर बेहद बोल्ड और कुछ हद तक उत्तेजक अंदाज में पेश किया गया है, जिसके बाद से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेत्रियों के चित्रण के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी बीच, सोशल मीडिया पर जाह्नवी कपूर के कुछ कथित चैट्स तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनके अनुसार, जाह्नवी कपूर पेद्दी के सेट पर अपने हाइपर सेक्शुअल दृश्यों को लेकर असहज थीं। जिस तरीके से मेकर्स उनके दृश्यों को फिल्मा रहे थे, वह उससे खुश नहीं थीं और उन्होंने अपनी एक दोस्त के साथ अपने अनुभव साझा किए थे। वायरल हो रहे इन कथित चैट्स में जाह्नवी कपूर यह कहते हुए दिखाई देती हैं कि उन्होंने अपने निजी अंगों को फिल्माने से मना किया था, लेकिन जब मेकर्स नहीं माने, तो अभिनेता राम चरण को इस मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा। राम चरण की प्रशंसा करते हुए, जाह्नवी ने कथित तौर पर कहा कि दिग्गज अभिनेता ने उनकी मदद की और मेकर्स को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि वे ऐसे कोई भी दृश्य शूट न करें जिससे अभिनेत्री असहज महसूस करें। जाह्नवी ने अपनी दोस्त को बताया कि उन्हें शूटिंग के दौरान कई बार असहजता महसूस हुई क्योंकि मेकर्स बार-बार उनके क्लिवेज (छाती के ऊपरी हिस्से) पर कैमरा ज़ूम कर रहे थे। इन चैट्स के सामने आते ही लोगों में जाह्नवी कपूर के लिए चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया यूजर्स साउथ इंडियन सिनेमा में अभिनेत्रियों को दिखाने के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं और उनका कहना है कि किसी भी अभिनेत्री को इस तरह के अनुभव से नहीं गुजरना चाहिए। पेद्दी एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है जिसका निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। फिल्म में जाह्नवी कपूर का स्क्रीनटाइम भी काफी सीमित है। उनके किरदार को समीक्षकों ने भी कुछ खास नहीं सराहा है और कई आलोचकों का मानना है कि मेकर्स जाह्नवी कपूर को बेहतर और अधिक सम्मानजनक तरीके से दर्शा सकते थे। सुदामा/ईएमएस 10 जून 2026