10-Jun-2026
...


टिम पेन बन सकते हैं नये कोच ब्रिस्बेन (ईएमएस)। पूर्व क्रिकेटर जोहान बोथा ने ऑस्ट्रेलियाई क्वींसलैंड बुल्स टीम के मुख्य कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। बोथा दक्षिण अफ्रीका की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान रहे हैं। कोच के तौर पर बोथा का कार्यकाल एक साल और बचा था पर उन्होंने अचानक ही पद छोड़ दिया। क्वींसलैंड क्रिकेट ने कहा है कि उसने कोच के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। वहीं माना जा रहा है ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट कप्तान टिम पेन को नया कोच बनाया जा सकता है। पेन कोच पद के सबसे बड़े दावेदार हैं। 44 साल बोथा ने साल 2024-25 सत्र से पहले क्वींसलैंड टीम का कोच पद संभाला था। उनके नेतृत्व में क्वींसलैंड बुल्स ने पहले ही सत्र में शेफील्ड शील्ड के फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं टीम शेफील्ड शील्ड और एकदिवसीय कप दोनों प्रतियोगिताओं में तीसरे स्थान पर रही। वह ब्रिस्बेन हीट को भी कोचिंग देते थे हालांकि ब्रिस्बेन हीट के साथ बोथा का कार्यकाल उतना सफल नहीं रहा। उनके नेतृत्व में टीम लगातार दो बिग बैश लीग (बीबीएल) सत्र में पांचवें और सातवें स्थान पर रही। वहीं क्वींसलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टेरी स्वेन्सन ने कोच के तौर पर बोथा के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भले ही टीम अपने सभी लक्ष्यों को हासिल नहीं कर पाई, लेकिन बोथा ने क्वींसलैंड और ब्रिस्बेन हीट के युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। साथ ही कहा कि हम उनके और उनके परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हैं। वहीं माना जा रहा है कि बोथा का इस्तीफा ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट में कोचिंग स्तर पर हो रहे बड़े बदलावों की योजना का हिस्सा है। इससे पहले न्यू साउथ वेल्स और सिडनी सिक्सर्स ने भी अपने कोच बदले थे, जबकि सिडनी थंडर ने ट्रेवर बेलिस की जगह इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ को नया कोच बनाया था। गिरजा/ईएमएस 10 जून 2026