क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। पंथ श्री हुजूर मुक्तामणि नाम साहेब धर्मस्थान कुदुरमाल कबीर आश्रम के सानिध्य में 1 से 7 जून तक आयोजित साप्ताहिक ज्ञानोदय बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बालक-बालिकाओं को कबीर पंथ के नियम, आध्यात्मिक ज्ञान, नैतिक संस्कार व धार्मिक जीवन की शिक्षा प्रदान करना रहा। शिविर में बच्चों को कबीर पंथ के उद्गम स्थल कुदुरमाल के ऐतिहासिक व आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही बताया गया कि कुदुरमाल से ही पंथ का प्रचार-प्रसार देश-विदेश तक पहुंचा है और आज विश्वभर में श्रद्धालु इससे जुड़ रहे हैं। बच्चों को जीव दया, आत्म पूजा, सदाचार, मानव सेवा तथा धार्मिक जीवन के महत्व की जानकारी दी गई, जिससे वे अपने जीवन को श्रेष्ठ दिशा प्रदान कर सकें और समाज में सकारात्मक संदेश फैला सकें। शिविर का संचालन एसकेडीवी मिशन नवोदित यात्रा के अंतर्गत पंथ हुजूर उदितमुनि नाम साहेब वंशाचार्य के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान बालक-बालिकाओं को पंथ के वंशाचार्यों, गद्दी स्थलों, धार्मिक परंपराओं व आध्यात्मिक सिद्धांतों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि सच्चे ज्ञान व सत्संग के माध्यम से जीवन का कल्याण संभव है। आयोजन में राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में बच्चे व उनके परिजन शामिल हुए। आश्रम परिसर में पूरे सप्ताह आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा। शिविर के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी बालक-बालिकाओं को पंथाचार्य पंथ हुजूर प्रकाश मुनि नाम साहेब व पंथाचार्य पंथ हुजूर उदितमुनि नाम साहेब के आशीर्वचन स्वरूप प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कुदुरमाल कबीर आश्रम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां वर्षभर धार्मिक व आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है। - 10 जून