क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


इन्दौर (ईएमएस)। कबड्डी प्रतियोगिता में से एक टीम को बाहर किए जाने के मामले ने इतना तूल पकड़ा कि प्रतियोगिता स्थल पर हंगामे और मारपीट के बाद मामला थाने तक पहुंच गया जहां एक पक्ष की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है तो दूसरे पक्ष के आवेदन पर जांच की जा रही है। मामला एमजी रोड थाना क्षेत्र का है जहां स्थित चिमनबाग मैदान पर लकी वांडर्स द्वारा आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान विवाद और मारपीट का यह मामला सामने आया है। प्रतियोगिता से एक टीम को बाहर किए जाने से नाराज दो युवकों ने आयोजन समिति से जुड़े युवक के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। पुलिस के अनुसार यश टिकलिया उम्र इक्कीस साल निवासी आदर्श बिजासन नगर परदेशीपुरा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों अनिकेत बांगर और ऋषभ मेहरा के साथ कल रात करीब 12:15 बजे चिमनबाग कबड्डी ग्राउंड पर मौजूद था। इसी दौरान मयंक गौड़ और रोहन मेहरा वहां पहुंचे और संस्था वैष्णवी की टीम को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने का कारण पूछने लगे। और इस बात को लेकर दोनों युवकों ने उसके साथ अभद्र भाषा में बात करना शुरू कर दिया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी और आक्रोशित हो गए तथा उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। पुलिस ने मयंक गौड़ और रोहन मेहरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296(बी), 351(2) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत आवेदन मिला है। - 10 जून 2026