नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली मेट्रो फेज-5ए के तहत आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर शिवाजी स्टेडियम और राजीव चौक के बीच 800 मीटर लंबा दिल्ली का सबसे लंबा सब-वे बनाएगी। ट्रैवलेटर की सुविधा वाले इस सबवे से नोएडा, वैशाली और आनंद विहार से आईजीआई एयरपोर्ट जाना आसान होगा और राजीव चौक पर भीड़ कम होगी। यह पूरा अंडरग्राउंड प्रोजेक्ट 2029 तक तैयार होगा। दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले और मेट्रो से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक बेहद शानदार खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) अपने फेज-5ए के तहत एक अभूतपूर्व प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ के बीच बन रहे सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर शिवाजी स्टेडियम के पास एक नया मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा। यह नया स्टेशन एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के मौजूदा स्टेशन के साथ इंटरचेंज का काम करेगा। इस पूरे प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत ये है कि शिवाजी स्टेडियम से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के बीच 800 मीटर लंबा एक भव्य सबवे बनाया जाएगा। निर्माण पूरा होने पर यह दिल्ली मेट्रो का अब तक का सबसे लंबा सब-वे होगा। इस नए सब-वे के बन जाने से राजीव चौक और शिवाजी स्टेडियम के बीच कनेक्टिविटी सीधे तौर पर जुड़ जाएगी। मौजूदा समय में कश्मीरी गेट के बाद राजीव चौक दिल्ली मेट्रो का दूसरा सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाला स्टेशन है। रोजाना लाखों यात्री यहां इंटरचेंज के लिए आते हैं। डीएमआरसी का मानना है कि सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर आरके आश्रम और इंद्रप्रस्थ के इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित होने और इस नए सबवे के निर्माण से राजीव चौक स्टेशन पर यात्रियों का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा। डीएमआरसी के मुताबिक, 9.913 किलोमीटर लंबे इस आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर (सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर) पर जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है। यह पूरा कॉरिडोर अंडरग्राउंड (भूमिगत) होगा, जिस पर कुल 9 मेट्रो स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इस पूरे प्रोजेक्ट को साल 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कॉरिडोर के सभी स्टेशनों के प्लेटफॉर्म को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि वहां से 6 कोच वाली मेट्रो ट्रेनों का परिचालन आसानी से किया जा सके। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/10/ जून /2026