- पिछले टायर में आग लगी और पूरा हाइवा जलकर खाक - पास में पेट्रोल पंप था, टला बड़ा हादसा गिरिडीह (ईएमएस)। जमुआ थाना क्षेत्र के सियाटांड़ में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डस्ट से लदा एक हाइवा अचानक आग का गोला बन गया। यह हादसा गिरिडीह-बेंगाबाद मेन रोड को जोड़ने वाली सड़क पर स्थित भारत पेट्रोल पंप के बिल्कुल नजदीक हुआ। गनीमत यह रही कि पेट्रोल पंप के पास होने के बावजूद समय रहते स्थिति संभल गई और एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाइवा बेंगाबाद की तरफ से डस्ट लोड करके आ रहा था, तभी अचानक उसके पिछले टायर में आग लग गई। चालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग ने ऐसा विकराल रूप धारण किया कि पूरा वाहन धू-धूकर जलने लगा। घटनास्थल के पास एक तालाब भी मौजूद था, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि शुरुआती स्तर पर उसे नियंत्रित करना नामुमकिन साबित हुआ। देखते ही देखते पूरा हाइवा जलकर राख में तब्दील हो गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई अन्य व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और आग आसपास के रिहाइशी इलाके में नहीं फैली। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में चलने वाले हाइवा वाहनों की मनमानी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकतर हाइवा क्षमता से अधिक ओवरलोड होते हैं और सड़कों पर बेहद तेज रफ्तार में चलते हैं। अत्यधिक दबाव और गति के कारण ही टायर गर्म होकर ब्लास्ट हुआ होगा, जिससे यह आग लगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक और सटीक कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन और जानकारी जुटाने में लगी है। - ईएमएस 10 जून 2026