फिरोजाबाद(ईएमएस)थाना रामगढ़ पुलिस ने मस्जिद में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने वाले वांछित आरोपी जाकिर हाफिज जो कि मस्जिद का इमाम है, को मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। - क्या है पूरा मामला ASP सिटी रविशंकर प्रसाद के मुताबिक 07 जून 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वादिया की पुत्री थाना रामगढ़ क्षेत्र की एक मस्जिद में लगे वाटर कूलर से पानी भरने गई थी। आरोप है कि मस्जिद में मौजूद जाकिर हाफिज ने बच्ची को अकेला पाकर जबरन पकड़ लिया। वह मुंह दबाकर बच्ची को अपने कमरे में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती की। मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना रामगढ़ में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। - SSP ने गठित की थीं 2 टीमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में 2 पुलिस टीमें गठित की थीं। पुलिस टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थीं। - ऐसे हुई गिरफ्तारी 10 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जाकिर हाफिज कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल आरोपी के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 खोखा कारतूस और 02 जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुए हैं। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद