ग्वालियर (ईएमएस)| मुरार थाना क्षेत्र के बंसीपुरा हाथी खाना इलाके में आज दोपहर 20 हजार रुपए के लेनदेन को लेकर 25 वर्षीय युवक मोनू राजे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बेटे को बचाने पहुंची मां को भी बदमाशों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू करती है | जानकारी के अनुसार मृतक मोनू राजे मजदूरी का काम करता था। उसका कुछ लोगों से करीब 20 हजार रुपए का लेनदेन चल रहा था। मोनू ने आरोपियों से कहा था कि उसके माता-पिता गांव गए हुए हैं और उनके लौटने के बाद वह रकम लौटा देगा। बुधवार सुबह ही उसके माता-पिता गांव से वापस ग्वालियर लौटे थे। परिजनों के अनुसार दोपहर करीब दो बजे 5 युवक मोनू को घर के नीचे बुलाकर गाली-गलौज करने लगे। उस समय उसके पिता अशोक राजे घर की छत पर मौजूद थे। जैसे ही मोनू नीचे पहुंचा, बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और फिर चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मोनू की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां 45 वर्षीय सुनीता राजे नीचे पहुंचीं और बेटे को बचाने का प्रयास किया। आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में सुनीता के पैर और पेट में गंभीर चोटें आईं, जबकि मोनू के पेट में चाकू लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सुनीता राजे को उनके पति अशोक राजे तत्काल मुरार अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में हजार बिस्तर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल घटनास्थल और अस्पताल पहुंचा। प्रारंभिक जांच में मुख्य आरोपी के रूप में गोलू कटारे का नाम सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है |