10-Jun-2026
...


कोंडागांव(ईएमएस)। जिले के फरसगांव क्षेत्र में एक किसान की मौत से ग्रामीण इलाके में सनसनी फैल गई है। जुगानी कैंप निवासी 65 वर्षीय केशव हलधर का शव जंगल में संदिग्ध हालत में मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर जहर का सेवन कर आत्महत्या की है। मामला तब सामने आया जब कुछ दिन पहले खेत में फसल अवशेष जलाने के दौरान आग फैलकर पड़ोसी खेत तक पहुंच गई थी। इस घटना में मक्का की फसल और ड्रिप सिंचाई पाइप को नुकसान हुआ था। हालांकि दोनों पक्षों के बीच नुकसान की भरपाई को लेकर आपसी सहमति बन गई थी, इसके बावजूद मृतक किसान मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद से केशव हलधर लगातार तनाव में थे और सामान्य रूप से बातचीत भी कम कर दी थी। बाद में उनका शव जंगल क्षेत्र में मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से एक जहर का डिब्बा भी बरामद हुआ है, जिससे आत्महत्या की आशंका को और बल मिला है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 जून 2026