10-Jun-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले में महानदी से हो रहे अवैध रेत खनन और परिवहन की शिकायतों पर खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। विभागीय उड़नदस्ता दल ने ग्राम करेलीबड़ी और आसपास के क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे चार ट्रैक्टरों को जब्त किया है। खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संयुक्त टीम ने विभिन्न मार्गों पर निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना वैध अनुमति रेत का परिवहन करते पाए गए चार ट्रैक्टरों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। विभाग ने बताया कि जब्त वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित वाहन मालिकों से नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि करेलीबड़ी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामलों पर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। पूर्व में दर्ज तीन मामलों में कुल 32 हजार 430 रुपये का अर्थदंड वसूल कर शासन के खनिज मद में जमा कराया गया था। खनिज विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 28 मई 2026 तक जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े 108 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों में कुल 29 लाख 51 हजार 560 रुपये का अर्थदंड वसूल कर शासन के खाते में जमा कराया गया है। विभाग का कहना है कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को रोकने के लिए नियमित रूप से निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं। उड़नदस्ता दल संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर रहा है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 जून 2026