- जमकर हुई धुनाई; 24 घंटे में दो महिलाओं को बनाया निशाना गुना (ईएमएस)। शहर में चैन और मंगलसूत्र झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर दो महिलाओं को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। एक ओर सोमवार रात घर के बाहर टहल रही महिला डॉक्टर के गले से बाइक सवार बदमाश मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए, वहीं मंगलवार रात सर्राफा बाजार में एक बुजुर्ग महिला के गले से मंगलसूत्र खींचकर भाग रहे युवक को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। बाद में पुलिस उसे हिरासत में लेकर कोतवाली थाने पहुंची। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात सर्राफा बाजार में भीड़भाड़ के बीच एक युवक ने बुजुर्ग महिला के गले से मंगलसूत्र खींचने का प्रयास किया। वारदात के बाद आरोपी भागने लगा, लेकिन लोगों ने शोर मचाया और उसका पीछा किया। हनुमान गली के पास लोगों ने उसे पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया आरोपी दीपक सुमन निवासी छीपा बड़ौद, राजस्थान का रहने वाला है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और लगभग आधे घंटे बाद सिटी कोतवाली से पुलिस दल पहुंचकर आरोपी को अपने साथ ले गया। इधर सोमवार रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के एबी रोड पर महावीरपुरा निवासी डॉ. रश्मि दीक्षित अपने बेटे के साथ घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाश उनके गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार बदमाशों की बाइक की नंबर प्लेट पर केवल एमपी 08 जेड अंकित दिखाई दिया, जबकि बाकी हिस्सा टूटा हुआ था। कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि सर्राफा बाजार की घटना में आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। वहीं महिला डॉक्टर से झपटमारी के मामले में जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। लगातार सामने आ रही झपटमारी और चोरी की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। - सीताराम नाटानी