10-Jun-2026
...


महासमुंद (ईएमएस)। खुद को ज्योतिषाचार्य और साधु बताकर ग्रामीण इलाकों में पहचान बनाने वाले रायपुर निवासी एक व्यक्ति को महासमुंद पुलिस ने दुष्कर्म के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान नरेंद्र नयन शास्त्री के रूप में हुई है, जिसे क्षेत्र में लोग ‘चावल वाले बाबा’ और ‘चाय वाले बाबा’ के नाम से भी जानते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से ग्रामीण इलाकों में चावल और लाल फूल देकर भविष्य बताने तथा समस्याओं के समाधान का दावा करता था। वह धार्मिक कथाओं और प्रवचनों में भी शामिल रहता था, जिससे उसकी पहचान कई इलाकों में स्थापित हो चुकी थी और लोग उसे साधु-संत मानकर विश्वास करने लगे थे। मामला तब सामने आया जब बागबाहरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह शारीरिक दर्द से परेशान थी और इलाज व समाधान के लिए आरोपी के संपर्क में आई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे झांसे में लेकर दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 6 मई को मामला दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर रायपुर के सिलयारी इलाके से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को महासमुंद लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गतिविधियों और उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या अन्य महिलाएं भी इसके शोषण का शिकार हुई हैं। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में पूछताछ और सूचना संकलन किया जा रहा है। - (ईएमएस) 10 जून 2026