- प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे मुलाकात - राहुल और सोनिया गांधी से मिलने की भी अटकलें चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (थलपति विजय) आज यानी बुधवार को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभालने के बाद राष्ट्रीय राजधानी की यह उनकी दूसरी यात्रा है। सीएम विजय दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली नीति आयोग की शासी परिषद की उच्चस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे। इससे पहले वह 27 मई को अपनी पहली दिल्ली यात्रा पर गए थे, जिसके ठीक दो हफ्ते बाद यह दूसरा दौरा हो रहा है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री विजय बुधवार को निजी विमान से चेन्नई से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। 11 जून को होने वाली नीति आयोग की इस बैठक में देश भर के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है, जहाँ राज्यों के विकास, वित्तीय सहायता और सहकारी संघवाद जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन होगा। सीएम विजय इस मंच का उपयोग तमिलनाडु की विकास प्राथमिकताओं को पुरजोर तरीके से उठाने और राज्य की प्रमुख परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से बड़ी वित्तीय मदद व सहयोग मांगने के लिए करेंगे। अपने पिछले दौरे में सीएम विजय ने पीएम मोदी से मुलाकात कर तमिलनाडु से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा था, जिसमें कर्नाटक की प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना को मंजूरी न देने और तमिल मछुआरों की सुरक्षा का स्थायी समाधान खोजने जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की थी। राजनीतिक गलियारों में विजय के इस तीन दिवसीय दौरे को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। पिछली यात्रा में कांग्रेस समर्थित गठबंधन सरकार के मुखिया होने के बावजूद उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से दूरी बनाए रखी थी, लेकिन इस बार कयास लगाए जा रहे हैं कि वे विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। तमिलनाडु की सत्ता में कांग्रेस की अहम हिस्सेदारी को देखते हुए यदि यह मुलाकात होती है, तो इसे राज्य और राष्ट्रीय राजनीति के भविष्य के समीकरणों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रामयश/ईएमएस 10 जून 2026