10-Jun-2026
...


हादसे के सही कारणों का पता लगाने आंतरिक जांच शुरु बारामूला,(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में मंगलवार को उपकरणों के रख-रखाव के दौरान एक हैंड ग्रेनेड फट गया। इस दर्दनाक हादसे में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने इस घटना की पुष्टि की है। बलिदानी जवानों की पहचान महाराष्ट्र के ऐरोली के रहने वाले चव्हाण विक्रम बालकृष्ण और महाराष्ट्र के सतारा जिले की कराड तहसील के शाहपुर के रहने वाले अर्जुन जाधव राजेंद्र के तौर पर हुई है। सैन्य अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा उरी सेक्टर के कमलकोट स्थित सेना के एक शिविर में हुआ। शिविर में सैन्य उपकरणों और हथियारों के नियमित हस्तांतरण का काम चल रहा था। इसी दौरान एक हैंड ग्रेनेड अचानक डिफ्यूज होने के बजाय फट गया। विस्फोट की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके के तुरंत बाद शिविर में अफरा-तफरी मच गई। साथी जवानों और अधिकारियों ने बिना वक्त गंवाए दोनों घायल जवानों को तुरंत वहां से निकाला और अस्पताल ले गए। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों जवानों को मृत घोषित कर दिया। सैन्य और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संबंध में कानून के तहत आवश्यक कानूनी और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आंतरिक जांच भी की जा रही है। सिराज/ईएमएस 10जून26