प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4,399 दिन पर बधाईयों का तांता नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने और जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने पर वैश्विक मंच से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। दुनिया के शीर्ष नेताओं, सांसदों और राजनयिकों ने इसे भारतीय लोकतंत्र का एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है। अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों ने पीएम मोदी के इस कार्यकाल को भारत के लिए परिवर्तनकारी मानते हुए वैश्विक मंच पर देश के बढ़ते प्रभाव, आर्थिक प्रगति और सबका साथ, सबका विकास के दूरदर्शी दृष्टिकोण की सराहना की है। यह वैश्विक समर्थन भारत की मजबूत होती साख को दर्शाता है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पीएम मोदी का सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनना, उनके दशकों लंबे समर्पित सार्वजनिक जीवन और असाधारण नेतृत्व क्षमता का एक सशक्त प्रमाण है। राजदूत ने रेखांकित किया कि लगातार 4,399 दिनों तक पद पर रहकर पीएम मोदी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री मोदी के इस लंबे और प्रभावशाली राजनीतिक सफर की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। अमेरिकी सीनेटर जॉन कॉर्निन अमेरिका के वरिष्ठ रिपब्लिकन सांसद और टेक्सास से सीनेटर जॉन कॉर्निन ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल को भारत के लिए पूरी तरह परिवर्तनकारी बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 4,399 दिनों का यह ऐतिहासिक नेतृत्व 140 करोड़ भारतीयों के अटूट भरोसे और लगातार तीन लोकतांत्रिक जनादेशों के दम पर हासिल किया है। सीनेटर कॉर्निन ने सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार के दौरान 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है और भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। इसके साथ ही, उनके नेतृत्व में भारत-अमेरिका संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं। श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पीएम मोदी को बधाई पत्र भेजकर उनके विजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि केवल लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि इस बात का प्रमाण है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जनता ने उनके नेतृत्व पर बार-बार भरोसा जताया है। भारत में हुए आर्थिक और सामाजिक बदलाव श्रीलंका समेत कई देशों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने पीएम मोदी की नेबरहुड फर्स्ट नीति और साल 2022 के आर्थिक संकट में श्रीलंका को दी गई मदद को याद किया। गौरतलब है कि श्रीलंका ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान मित्र विभूषण से भी नवाजा है। नाइजीरिया के राष्ट्रपति टिनुबू नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने पीएम मोदी को इस ऐतिहासिक मील के पत्थर पर बधाई देते हुए उन्हें अपना व्यक्तिगत मित्र और भरोसेमंद सहयोगी बताया। उन्होंने कहा कि लगातार तीन जनादेशों के माध्यम से भारतीय जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व पर अटूट विश्वास जताया है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और वैश्विक मंच पर उनका प्रभावशाली नेतृत्व दुनिया भर के लाखों लोगों को प्रेरित करता है। राष्ट्रपति टिनुबू ने नाइजीरिया के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर का जिक्र करते हुए दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए पीएम मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। वीरेंद्र/ईएमएस/10जून2026