क्षेत्रीय
10-Jun-2026


कांकेर(ईएमएस)। जिले की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सिरो कोमरे ने खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खरीफ सीजन के लिए पहले से ही पर्याप्त तैयारी कर ली है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की कमी या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सिरो कोमरे ने कहा कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि सरकार जमीनी स्तर पर किसानों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर की सहकारी समितियों, सेवा सहकारी संस्थाओं और वितरण केंद्रों में खाद और बीज की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग और प्रशासनिक अमला लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी क्षेत्र में आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो। यदि किसी स्थान पर अस्थायी कमी की सूचना मिलती है तो संबंधित विभाग तुरंत कार्रवाई कर आपूर्ति बहाल करता है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना चिंता के अपने कृषि कार्यों की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन को बढ़ावा देना है। उन्होंने यह भी कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसी भी स्तर पर खाद-बीज की कमी नहीं होने दी जाएगी और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहकर व्यवस्था को सुचारू बनाए हुए है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)10 जून 2026

खबरें और भी हैं