- प्रधानमंत्री और NTCA को भेजी मार्मिक अपील गरियाबंद(ईएमएस)। जिले के राजा पड़ाव क्षेत्र में लंबे समय से बिजली सुविधा से वंचित ग्रामीणों ने अनोखे और भावुक तरीके से अपनी मांग सामने रखी है। वर्षों से विद्युतीकरण की प्रतीक्षा कर रहे सैकड़ों ग्रामीणों ने अपने खून से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) को पत्र लिखकर गांवों में बिजली उपलब्ध कराने की अपील की है। राजा पड़ाव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत कोकड़ी, गरहाडीह, गौरगांव, भूतबेड़ा, कुचेंगा सहित आठ पंचायतों के 48 गांवों और आश्रित पाराटोलों के करीब 500 ग्रामीण अड़गड़ी गौठान स्थल पर एकत्र हुए। यहां जय अंबेडकरवादी युवा संगठन और किसान संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपने खून से पोस्टकार्ड लिखकर अपनी वर्षों पुरानी मांग को दोहराया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने के कारण बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाएं और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। आधुनिक सुविधाओं के दौर में भी अंधेरे में जीवन जीना उनकी सबसे बड़ी मजबूरी बन चुका है। जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि क्षेत्र के लोग पिछले एक दशक से लगातार बिजली की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में भी यह मुद्दा उठाया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। ग्रामीणों के अनुसार प्रशासन की ओर से पहले आश्वासन दिया गया था कि छह महीने के भीतर विद्युतीकरण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन समय सीमा बीत जाने के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ पाया है। इससे ग्रामीणों में गहरी नाराजगी और निराशा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन की अनुमति के बिना कार्यक्रम आयोजित किया गया, लेकिन उन्होंने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए प्रत्येक व्यक्ति के लिए अलग-अलग सिंगल यूज सिरिंज का उपयोग किया। खून से लिखे गए इन पत्रों को स्याही के रूप में उपयोग कर प्रधानमंत्री कार्यालय और NTCA को भेजा जा रहा है। ग्रामीण प्रतिनिधियों ने इसे विरोध नहीं बल्कि अपनी पीड़ा व्यक्त करने का तरीका बताया है। उनका कहना है कि वर्षों से सामान्य पत्राचार, ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला तो उन्होंने यह कदम उठाया। अब ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि उनकी यह भावनात्मक अपील सरकार और संबंधित एजेंसियों का ध्यान आकर्षित करेगी और वर्षों से लंबित बिजली समस्या का स्थायी समाधान जल्द निकलेगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 जून 2026