- प्रशासन ने क्षेत्र किया सील कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले के कटघोरा नगर क्षेत्र के एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे पटाखों तक पहुंचते ही लगातार तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं और कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। पटाखों में विस्फोट शुरू होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। हालांकि, लगातार हो रहे धमाकों के कारण दमकल कर्मियों और बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने गोदाम के आसपास स्थित घरों को खाली करा लिया है। साथ ही किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। गोदाम में मौजूद कर्मचारियों की संख्या और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। - 10 जून