इन्दौर (ईएमएस) जेएसजी एलिगेंट द्वारा शेरिटन होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में शहर ही नहीं बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में पहली बार इमर्सिव योगा का अनूठा आयोजन संपन्न हुआ। जिसमें 10 बार के गिनेस वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर और 7 वर्ष की उम्र से योगा कर रहे यश मरोड़िया द्वारा एक विशेष प्रस्तुति दी गई। इस कार्यक्रम के लिए यश विशेष रूप से दुबई से इंदौर आए। कार्यक्रम में लगभग 150 प्रतिभागियों ने एक साथ योग, ध्यान एवं मेडिटेशन कर आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। सफेद परिधानों में उपस्थित प्रतिभागियों ने दो घंटे तक स्वयं से जुड़ने और दैनिक तनाव से दूर रहने का प्रयास किया और प्रतिभागी को अपनी अन्तर आत्मा में झांकने का मौका मिला। आयोजन को विशेष प्रकाश व्यवस्था, मधुर संगीत, सुगंधित धूप और आध्यात्मिक माहौल ने दिव्य अनुभव में बदल दिया। प्रतिभागियों ने इसे स्वयं से मिलने और आंतरिक शांति प्राप्त करने की एक यादगार यात्रा बताया। इस दौरान एलीगेट के सदस्य अक्षय कांति बम, आशीष कीर्ति मेहता, आशीष लुंकड़, प्रीतेश निधि जैन, अभिषेक प्रिया संभवी, आदि मौजूद रहे। आनंद पुरोहित/ 10 जून 2026