क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


- सगा जीजा ही निकला विक्की सोनी का कातिल, दो गिरफ्तार हजारीबाग (ईएमएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में सोमवार की रात हुए मशहूर स्वर्ण व्यवसायी विक्की सोनी हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस पूरे मामले में जो सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, उसके अनुसार मृतक का अपना सगा जीजा विक्रम कुमार ही इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य मास्टरमाइंड और आरोपी निकला। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी जीजा विक्रम कुमार और उसके एक अन्य सहयोगी दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में इस हत्या के पीछे आपसी रंजिश और गंभीर व्यक्तिगत विवाद की बात सामने आई है। वारदात के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात हजारीबाग रोड स्थित करसो पुल के पास स्वर्ण व्यवसायी विक्की सोनी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना उस वक्त घटी जब विक्की सोनी अपने एक मित्र अभिषेक कुमार के साथ कार से कोडरमा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी कार पंचर हो गई और जब विक्की करसो पुल के पास कार का टायर बदल रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी। पुलिस की कड़ी पूछताछ में गिरफ्तार जीजा विक्रम कुमार ने अपना गुनाह कबूल करते हुए हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया। वहीं इस मामले में गिरफ्तार दूसरा आरोपी दिलीप कुमार मृतक विक्की सोनी का ही दोस्त बताया जा रहा है, जिसने इस गद्दारी में जीजा का साथ दिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों शातिर आरोपियों ने न सिर्फ विक्की सोनी की हत्या की बात कबूली है, बल्कि हजारीबाग और उसके आस-पास के पड़ोसी जिलों में हुई कई बड़ी लूटपाट, चोरी और अन्य गंभीर आपराधिक वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपियों के इकबालिया बयान के आधार पर क्षेत्र में हुए अन्य लंबित आपराधिक मामलों की भी कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। रामयश/ईएमएस 10 जून 2026