ग्वालियर ( ईएमएस ) शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार तड़के बैटरी कारोबारी का शव उनके किराए के गोदाम के ऑफिस में मिला। कारोबारी के सिर में गोली लगी थी और उसके पास 32 बोर की अवैध पिस्टल पड़ी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आ गई और जांच शुरू कर दी है | जानकारी के अनुसार शिवम गुप्ता (32) मंगलवार को रोज की तरह काम के लिए घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में निकल पड़े। बीती रात करीब 3 बजे परिजन बहोड़ापुर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग नंबर-6 में बने गोदाम पहुंचे। गोदाम के अंदर बने ऑफिस का दरवाजा खोलते ही शिवम खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके सिर में गोली लगी हुई थी। सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल और मोबाइल बरामद कर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है |