- मंत्री ने तुरंत लिया संज्ञान, एसडीएम, कलेक्टर को फोन कर दिये जॉच कर कार्यवाही के निर्देश भोपाल/ देवास (ईएमएस)। देवास जिले की बागली विधानसभा के ग्राम रतनपुर में आदिवासी समाज के परिवारों की भूमि संबंधी अनेक समस्याओ के समाधान को लेकर लगातार प्रयासो में जुटे भिलाला जनजाति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तोमर ने मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा से मुलाकात कर उन्हें पीड़ित परिवारों की शिकायतों एवं तथ्यों को विस्तार से अवगत कराया। देवेंद्र तोमर के अनुसार भेंट के दौरान उन्होनें राजस्व मंत्री को बताया कि ग्राम रतनपुर के आदिवासी परिवार अपनी भूमि पर अवैध कब्जे सहित अनेक गंभीर समस्याओं से पीड़ित हो रहे हैं। इस संबध में वह शासन स्तर भी शिकायत कर चुके है। उन्होनें मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किये जाने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम शिवम यादव एवं देवास कलेक्टर को फोन कर निर्देशित करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही भिलाला जनजाति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तोमर ने इस गंभीर समस्या से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी पत्र लिखकर अवगत कराया है। पत्र में उन्होनें आदिवासी परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक हस्तक्षेप एवं उचित कार्रवाई की मांग की है। देवेंद्र तोमर ने कहा कि आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा एवं पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत रहेगा। जुनेद / 10 जून