क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


अलीगढ़(ईएमएस)। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित करने के लिए 14 से 16 जून तक जिले के सभी विकास खंडों में व्यापक स्तर पर जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ की भावना के अनुरूप किया जाएगा, जिसमें केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों की सफलता के लिए वर्चुअल बैठक के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों का सफल एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक विकास खंड के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए व्यवस्थाओं की निगरानी एवं समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजनों के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी विकास खंडों में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा, जहां स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण, आयुष्मान भारत कार्ड एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभान्वित करने की व्यवस्था भी रहेगी। जनकल्याण शिविरों में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, अटल पेंशन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के संबंध में जानकारी एवं लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियों का प्रदर्शन कर जनसामान्य को प्रेरित किया जाएगा। जिला विकास अधिकारी आलोक आर्य को समस्त जनकल्याण शिविरों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि लखनऊ से नामित नोडल अधिकारी शिविरों का निरीक्षण करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाते हुए सुशासन एवं जनसेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जाए। धर्मेंन्द्र राघव / 10 जून, 2026 (अलीगढ़) दो उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर मिलेगा 80 हजार रुपये तक अनुदान अलीगढ़(ईएमएस)। प्रदेश सरकार द्वारा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और गौपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना का लाभ लेने का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि योजना के तहत स्वदेशी उन्नत नस्ल की गायों की इकाई स्थापित करने पर पात्र लाभार्थियों को अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना प्रदेश के सभी 75 जनपदों में लागू है। इसके अंतर्गत बाह्य प्रदेशों से गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा नस्ल की उन्नत स्वदेशी गायों के क्रय पर अनुदान दिया जाएगा। लाभार्थी को दो गायों की इकाई स्थापित करनी होगी, जिसकी कुल लागत का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये तक अनुदान अनुमन्य है। योजना में महिला दुग्ध उत्पादकों एवं गौपालकों को विशेष प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत चयन महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि खरीदी जाने वाली गाय प्रथम अथवा द्वितीय ब्यांत की होनी चाहिए। इच्छुक गौपालक 11 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन नन्द बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल पर आमंत्रित किए जाएंगे। उन्होंने जनपद के गौपालकों, दुग्ध उत्पादकों एवं ग्रामीण युवाओं से अपील की है कि वे इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिकाधिक लाभ उठाकर आधुनिक डेयरी व्यवसाय से जुड़ें और अपनी आय में वृद्धि करें। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अथवा मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि स्वदेशी नस्ल की गायों का संवर्धन न केवल दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगा। धर्मेंन्द्र राघव / 10 जून, 2026