क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


कोडरमा (ईएमएस)। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत बुधवार को कोडरमा प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीसी उत्कर्ष गुप्ता, डीडीसी रवि जैन, प्रखंड प्रमुख सुषमा देवी व जेएसएलपीएस की दीदियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इसके बाद फीता काटकर आम उत्सव का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन के बाद डीसी ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों एवं उत्पादक समूहों द्वारा प्रदर्शित आम की विभिन्न किस्मों का अवलोकन किया।उन्होंने किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले फल उत्पादन, आधुनिक बागवानी तकनीकों के उपयोग तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।अपने संबोधन में डीसी श्री गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।आम उत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ना तथा उनके उत्पादों का उचित मूल्य सुनिश्चित करना है।उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर किए जा रहे मार्केट लिंकेज के प्रयासों से किसानों को बेहतर कीमत मिल रही है।उन्होंने किसानों को पौधा संरक्षण एवं बागवानी संबंधी तकनीकी उपायों को अपनाने की सलाह भी दी।वहीं डीडीसी रवि जैन ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है।राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस आम उत्सव का उद्देश्य योजना के लाभुकों द्वारा उत्पादित आम की बिक्री सुनिश्चित करना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है।मौके पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, परियोजना बाल विकास पदाधिकारी रेखा रानी, बीडीओ मनोज कुमार रवि, सीओ रवि भूषण कुमार, डीपीएम जेएसएलपीएस प्रकाश रंजन, के अलावा अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व किसान मौजूद थे।मेले में जिले के सभी छह प्रखंडों के किसानों एवं जेएसएलपीएस से जुड़ी महिला लाभुकों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।कोडरमा प्रखंड से कौशल्या देवी एवं बसंती देवी, चंदवारा से बविता देवी एवं द्रौपदी देवी, जयनगर से सुखदेव राम, पिंकी देवी एवं कौशल्या देवी, डोमचांच से निरंजु देवी एवं किरण कुमारी, मरकच्चो से रामचंद्र यादव, रूबी वर्मा एवं आरती देवी, सतगावां से किरण मिश्रा एवं बबलू कुमार तथा कोडरमा सदर से अंजली कुमारी एवं संजू कुमारी ने मेले में भागीदारी की। मेले में जिले के छह किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) ने भी भाग लिया।इस अवसर पर डीसी व अन्य अधिकारियों ने किसानों से सीधे आम खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया। - 10जून/26