10-Jun-2026
...


20 बागी सांसदों में उनका नाम शामिल कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। तृणमूल कांग्रेस में बढ़ता बिखराव उनकी चिंता का कारण बन गया है। हाल ही में, 20 टीएमसी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर संसद में अलग बैठने की मांग की है, और इस सूची में अभिनेत्री से नेता बनी सयानी घोष का नाम भी शामिल है। सियानी के इस बदले तेवर को ममता बनर्जी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। सयानी घोष की कुल संपत्ति 90 लाख रुपये से अधिक है। सयानी ने मात्र 17 साल की उम्र में साल 2010 में टेलीफिल्म इच्छे दाना से बंगाली सिनेमा में कदम रखा था। जल्द ही उन्होंने एक अभिनेत्री और गायिका के रूप में अपनी पहचान बनाई। 12वीं तक शिक्षित सयानी 2021 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई थीं। इसी साल उन्हें आसनसोल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ाया गया, हालांकि उन्हें हार मिली। उनकी राजनीतिक यात्रा ने 2023 में तब नया मोड़ लिया, जब वे टीएमसी यूथ विंग की अध्यक्ष बनीं और 2024 के लोकसभा चुनाव में जाधवपुर सीट से जीत कर सांसद बनीं। चुनाव आयोग को दिए गए उनके हलफनामे के अनुसार, सयानी की कुल संपत्ति 91.89 लाख रुपये है, जबकि उन पर करीब 59 लाख का कर्ज भी है। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान घोषित जानकारी के मुताबिक, उनके पास 35,000 रुपये नकद थे, वहीं विभिन्न बैंक खातों जैस एचडीएफसी बैंक, यूको बैंक और रिकरिंग डिपॉजिट में 10.25 लाख रुपये जमा थे। उन्होंने शेयर बाजार या पोस्टल सेविंग में कोई निवेश नहीं किया है। सयानी के पास कुल 11.03 लाख रुपये मूल्य की चार जीवन बीमा पॉलिसियां हैं, जिनमें से दो एलआईसी और दो एचडीएफसी लाइफ की हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके पास 8 ग्राम सोना भी है। इसके अतिरिक्त, उनके नाम पर एक होंडा जैज कार है, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये है। इन सभी को मिलाकर उनकी कुल चल संपत्ति लगभग 29 लाख रुपये बैठती है। अचल संपत्ति के मामले में, उनके नाम पर कोई कृषि भूमि, प्लॉट या व्यावसायिक संपत्ति दर्ज नहीं है। हालांकि, कोलकाता के गोल्फ ग्रीन इलाके में उनका एक आवासीय मकान है, जिसकी कीमत 62.64 लाख रुपये घोषित की गई थी। आशीष दुबे / 10 जून 2026