दतिया (ईएमएस)| कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में एवं जिला आयुष अधिकारी के मार्गदर्शन में विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मध्य संचालित विशेष जनकल्याणकारी अभियान के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंधवारी तथा ग्राम बसई में पर्यावरण संरक्षण, योग जागरूकता एवं स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंधवारी में आयोजित कार्यक्रम में कप्तान सिंह दांगी सरपंच, रामकिशोर निरंजन सचिव, प्रदीप श्रीवास्तव रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत आम एवं कांचनार के छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक श्री हरिमोहन दांगी एवं योग सहायक श्री देवेंद्र दांगी द्वारा प्रतिभागियों को योगाभ्यास एवं ध्यान कराया गया। साथ ही योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उपस्थित जन ने अपने मोबाईल से 18003157008 पर मिस्ड कॉल कर योग संबंधी पंजीयन भी किया। ग्राम बसई स्थित पर्यावरण आयोजन स्थल पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर बरधुंआ के स्टाफ द्वारा स्वास्थ्य एवं योग जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया तथा योग के महत्व एवं लाभों की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान डॉ. रश्मि श्रीवास्तव एएमओ द्वारा हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय को पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली एवं नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूक किया गया। इसी प्रकार जिला श्रम कार्यालय एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आज बुधवार को शर्मायु दवाखाना एवं गोविन्द फूड इंडिया प्रा.लि. ठंड़ी सड़क दतिया में योग प्रशिक्षण द्वारा उपस्थित श्रमिकों, कर्मचारियों को योगाज्यास कराया एवं योग के लाभ के बारे में उपस्थित जन को जानकारी दी।