क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


- मातृत्व वन में लक्ष्मीतरु का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश जशपुर (ईएमएस)। प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपणजशपुर जिले के प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने अपने जशपुर प्रवास के दौरान जशपुर मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस परिसर में विकसित मातृत्व वन में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत अपनी माता के सम्मान में लक्ष्मीतरु का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह माताओं के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संवेदनाओं को प्रकृति संरक्षण के साथ जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक एवं सामाजिक मूल्यों को भी मजबूती मिलेगी। प्रभारी सचिव ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। यह अभियान समाज में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ परिवार एवं प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करता है। इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, एसडीओ वन विभाग करण सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि जशपुर स्थित सर्किट हाउस परिसर में लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में विकसित मातृत्व वन पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संवेदनाओं के समन्वय का एक अनूठा उदाहरण बनकर उभर रहा है। इस परिसर में अब तक 400 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जा चुका है, जो आने वाले समय में हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ जन-जागरूकता का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से जशपुर जिले में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा मिल रहा है तथा लोगों को प्रकृति और मातृत्व के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। - 10 जून 2026