10-Jun-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में इंदौर जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने का महाअभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को महू क्षेत्र के ग्राम मलेंडी में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लगभग 25 करोड़ रुपये बाजार मूल्य की बेशकीमती सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। एसडीएम महू राकेश परमार के मार्गदर्शन में राजस्व, पुलिस और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त अमले ने इस पूरी कार्रवाई को मुस्तैदी से अंजाम दिया। टीम ने ग्राम मलेंडी में 7.824 हेक्टेयर यानी लगभग 30 बीघा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण और कब्जे को नियमानुसार हटाते हुए जमीन को पुनः शासकीय अभिलेखों के अनुरूप अपने नियंत्रण में ले लिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने इस संबंध में कड़े निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार जिले में सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए यह विशेष अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्राम मलेंडी में की गई यह सफल प्रशासनिक कार्रवाई इंदौर जिले में भू-माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और प्रमुख कार्रवाइयों में शामिल हो गई है। प्रकाश/10 जून 2026