सारण, (ईएमएस)। सारण जिले के नगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चोरी की मोटरसाइकिलें, कई चेसिस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध मोटरसाइकिल चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर नगरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उनके पुर्जे काटकर कबाड़ी दुकानों में बेच देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खैरा और जलालपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चोरी की दो मोटरसाइकिल, पांच मोटरसाइकिल चेसिस, कटे हुए पुर्जे एवं अन्य सामान बरामद किए गए। इस कार्रवाई में चोरी के वाहनों के पुर्जे खरीदने वाले दो कबाड़ी दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह लंबे समय से वाहन चोरी और उनके पुर्जों की अवैध बिक्री में संलिप्त था। गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। संतोष झा- १० जून/२०२६/ईएमएस