:: प्रीतमलाल दुआ सभागृह में शाम 4 बजे जुटेगे शहर के प्रबुद्धजन :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की बौद्धिक और कूटनीतिक गतिविधियों को नया आयाम देने के उद्देश्य से स्टेट प्रेस क्लब, मध्य प्रदेश द्वारा गुरुवार को एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ‘रूबरू’ श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित इस गरिमय कार्यक्रम में फेडरल रिपब्लिक ऑफ जर्मनी के कांसुल जनरल श्री क्रिस्टोफ़ हैलियर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे यहाँ शहर के वरिष्ठ पत्रकारों, प्रबुद्धजनों एवं गणमान्य नागरिकों से सीधे रूबरू होंगे। स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने बताया कि कूटनीतिक और द्विपक्षीय संबंधों की दृष्टि से यह आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान कांसुल जनरल श्री क्रिस्टोफ़ हैलियर भारत और जर्मनी के बीच बढ़ते व्यापारिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक संबंधों पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके साथ ही, वैश्विक स्तर पर इंदौर की तेजी से उभरती पहचान, यहाँ के इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य में निवेश की संभावनाओं पर भी एक सार्थक चर्चा होगी। यह विशेष आयोजन गुरुवार, 11 जून 2026 को शाम ठीक 4 बजे रीगल चौराहा स्थित प्रतिष्ठित प्रीतमलाल दुआ सभागृह में प्रारंभ होगा। इस विमर्श की महफिल में शहर के वरिष्ठ संपादक, मीडियाकर्मी, प्रबुद्ध बुद्धिजीवी एवं प्रमुख गणमान्य नागरिक हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में एक अनौपचारिक संवाद सत्र भी रखा गया है। इस सत्र में उपस्थितजन और पत्रकार साथी कांसुल जनरल से विभिन्न समसामयिक व वैश्विक विषयों पर सीधे प्रश्न पूछ सकेंगे और विचारों का आदान-प्रदान कर सकेंगे। प्रकाश/10 जून 2026 संलग्न चित्र – जर्मनी के कांसुल जनरल क्रिस्टोफ़ हैलियर