हाथरस (ईएमएस)। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के नगला जलाल गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक जोगेंद्र पुत्र बहोरी सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि मंगलवार रात वह अपने खेत पर जा रहा था। घर के पीछे खेतों से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी नीचे लटक रही थी और अंधेरे में उसका हाथ लाइन से छू गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कई स्थानों पर बिजली की लाइनें लंबे समय से नीचे लटक रही हैं, जिसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतक की शादी करीब चार माह पूर्व ही हुई थी, जिससे परिवार में शोक का माहौल है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 05 जून 2026