राज्य
10-Jun-2026
...


12, 15 एवं 16 जून 2026 को निगम मुख्यालय सहित प्रत्येक जोन कार्यालय में आयोजित होंगे शिविर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने जिला प्रशासन, नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक आहूत कर शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को पहुंचाने के दिये निर्देश भोपाल(ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में नगर निगम, भोपाल द्वारा आगामी 12, 15 एवं 16 जून 2026 को निगम मुख्यालय ‘‘अटल भवन’’ स्थित नगर जनसेवा केन्द्र सहित प्रत्येक जोन कार्यालय में जनकल्याण शिविर आयोजित किये जायेंगे और इन शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को सुलभ तरीके से पहुंचाया जायेगा। जनकल्याण शिविरों में अधिक से अधिक पात्र वंचित हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ सुगम व सुलभ तरीके से पहुंचाने के दृष्टिगत निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने जिला प्रशासन, नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक आहूत कर निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने अधीन क्रियान्वित योजनाओं का अधिक से अधिक हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने, शिविरों आयोजनों का व्यापक पैमाने पर प्रचार-प्रसार करने व शिविरों के संबंध में संबंधित क्षेत्र के विधायकों को सूचना देने, शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने और आवेदनों को निर्धारित प्रारूप में प्राप्तकर सी.एम. हेल्पलाईन पोर्टल पर अपलोड कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त श्रीमती अंजू अरूण कुमार के अलावा एसडीएमगण, तहसीलदार, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। नगर निगम द्वारा निगम मुख्यालय अटल भवन सहित प्रत्येक जोन कार्यालय में जनकल्याण शिविरों के आयोजन हेतु कार्यक्रम निर्धारित किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार, 12 जून 2026, सोमवार, 15 जून 2026 एवं मंगलवार, 16 जून 2026 को जोनल कार्यालयों एवं निगम मुख्यालय अटल भवन स्थित नगर जनसेवा केन्द्र में प्रातः 10:00 बजे से सांय 06:00 बजे तक जनकल्याण शिविर आयोजित किये जायेंगे जबकि 12 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक नरेला विधानसभा अंतर्गत जोन क्रमांक 17 स्थित सरदार पटेल विद्यालय में तथा 12 जून 2026 को ही दोपहर 03:00 बजे से सांय 06:00 बजे गोविंदपुरा विधानसभा अंतर्गत बरखेड़ा पठानी अंबेडकर मांगलिक भवन में जनकल्याण शिविर आयोजित किया जायेगा। इसी प्रकार 15 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक मध्य विधानसभा के वार्ड 51 के ए सेक्टर स्थित सामुदायिक भवन में तथा दोपहर 03:00 बजे से सांय 06:00 बजे तक दक्षिण-पश्चिम विधानसभा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 25 के कार्यालय के सामने स्थित कम्यूनिटी हॉल तथा 16 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक हुजूर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम जोन क्र. 18 का कोलार तहसील कार्यालय के समीप स्थित जोन कार्यालय में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक तथा दोपहर 3:00 बजे से सांय 06:00 बजे तक उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्र. 07 के बरेला गांव स्थित रसूल अहमद सिद्दीकी कम्यूनिटी हॉल में शिविर आयोजित किये जायेंगे। हरि प्रसाद पाल /10 जून, 2026