- प्रदेश के प्रमुख मंदिरों, पार्टी के प्रदेश कार्यालय एवं सभी विधानसभाओं में धार्मिक आयोजन हुए - प्रधानमंत्री जी ने जनसेवा, समर्पण और विश्वास के 12 वर्षों में रचा नया इतिहास - भाजपा ने राज्यसभा के माध्यम से सभी समाज वर्ग का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है - डॉ. मोहन यादव - प्रधानमंत्री जी ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है - प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है - श्री हेमंत खण्डेलवाल - प्रधानमंत्री जी के 12 वर्ष गरीब कल्याण, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम काल हैं - जनकल्याणकारी कार्यों से लोगों का जीवन बदलने का कार्य किया जा रहा है - अजय जामवाल भोपाल(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का गौरवपूर्ण कीर्तिमान स्थापित करने पर बुधवार को प्रदेश के प्रमुख मंदिरों एवं सभी विधानसभाओं में धार्मिक आयोजन हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के गुफा मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल नीलबड़ स्थित देवी व हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर अनाज से निर्मित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भव्य रंगोली का अवलोकन किया। पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल करूणाधाम आश्रम एवं प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने खेड़ापति हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सफल एवं यशस्वी भविष्य की मंगलकामनाएं कीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुफा मंदिर में पूजा-पाठ व आरती के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसेवा, समर्पण और विश्वास के 12 वर्षों में नया इतिहास रचा है। प्रधानमंत्री ने भगवान राम और हनुमान जी के आशीर्वाद से पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा है। भाजपा ने राज्यसभा के माध्यम से सभी समाज वर्ग का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के 12 वर्ष गरीब कल्याण, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम काल है। जनकल्याणकारी कार्यों से लोगों का जीवन बदलने का कार्य किया जा रहा है। इन 12 वर्ष में भारत के विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए अध्याय के रूप में दर्ज हुए हैं। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा दे रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ऐतिहासिक कार्यकाल राष्ट्रसेवा, समर्पण और जन विश्वास का प्रतीक है। प्रदेश कार्यालय में सुंदरकांड के पाठ के साथ प्रदेश की सभी विधानसभाओं में हुए धार्मिक आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यालय में स्थित हनुमान मंदिर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह ने पूजा-अर्चना कर सुंदरकांड का पाठ किया। इसके साथ ही मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर, इंदौर के खजराना गणेश मंदिर, उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर, खण्डवा के ओंकारेश्वर मंदिर, दतिया के मां पीतांबरा पीठ, ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव मंदिर, धार के वाग्देवी मंदिर भोजशाला, सीहोर के सलकनपुर देवी मंदिर, मैहर के शारदा माता मंदिर एवं अमरकंटक में मां नर्मदा उद्गम स्थल में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, यशस्वी भविष्य हेतु मध्यप्रदेश की सभी विधानसभाओं के प्रमुख मंदिरों-धार्मिक स्थलों में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर पूजा-पाठ, हवन कर मंगलकामनाएं की गईं। विभिन्न स्थानों पर संपन्न धार्मिक आयोजनों में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल /10 जून, 2026