राज्य
10-Jun-2026
...


:: केलिफोर्निया के मिल्पिटास में इंदौर के गौतम काले और राजीव नेमा के आतिथ्य में सजी प्रवासी भारतीयों की सांस्कृतिक संध्या :: इंदौर (ईएमएस)। अमेरिका के केलिफोर्निया स्थित सिलिकॉन वैली के मिल्पिटास शहर में हाल ही में मध्य प्रदेश और इंदौर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और कला को समर्पित एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन हुआ। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत विभिन्न कार्यक्रमों ने प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पहचान दिलाई। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत गायक पंडित गौतम काले और अपनी मालवी हास्य शैली के लिए प्रसिद्ध कॉमेडियन राजीव नेमा की उपस्थिति ने संध्या को विशेष आकर्षण प्रदान किया। मध्य प्रदेश देसी कनेक्ट (एमपीडीसी) की मेजबानी तथा ग्लोबल यूथ एम्पावरमेंट फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रवासी भारतीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही। एमपीडीसी के मेघा नायक, मधुर अग्रवाल और गौरव जैन ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम ने प्रवासी भारतीयों के बीच सांस्कृतिक एकता, परंपराओं के संरक्षण और मातृभूमि से जुड़ाव का सशक्त संदेश दिया। सिलिकॉन वैली के फ्री माउंट क्षेत्र में रहने वाले इंदौर के युवा पीयूष बंसल ने कहा कि यह आयोजन इंदौर और मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में एक यादगार पहल रही। इस अवसर पर नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रवासी भारतीयों के बीच अपनी संस्कृति के प्रति जुड़ाव और मजबूत हो सके। प्रकाश/10 जून 2026