:: चंद्रोल-तनिष्क़ की तूफानी शुरुआत के बाद भोपाल का मध्यक्रम ढहा, सटीक गेंदबाजी से फाल्कन्स ने मारी बाजी :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के 15वें मुकाबले में बुधवार को होल्कर स्टेडियम में रनों की बारिश देखने को मिली। इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में उज्जैन फाल्कन्स ने भोपाल लेपर्ड्स को 16 रनों से पराजित कर दिया। उज्जैन द्वारा दिए गए 196 रनों के विशाल लक्ष्य के जवाब में भोपाल की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 179 रन ही बना सकी। उज्जैन के हरफनानमौला खिलाड़ी माधव तिवारी को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन (नाबाद 61 रन और 2/26 विकेट) के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। :: दुबे का अर्धशतक और अंत में तिवारी का तूफान :: टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी उज्जैन फाल्कन्स की शुरुआत खराब रही और शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज मात्र 36 रन पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद यश दुबे (31 गेंदों में 54 रन) ने पारी को संभाला और हर्षवर्धन हार्डिया (32 रन) के साथ अहम साझेदारी निभाई। मैच का असली रोमांच तब शुरू हुआ जब सातवें नंबर पर उतरे माधव तिवारी ने मात्र 28 गेंदों में नाबाद 61 रन (6 चौके, 4 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने ऋषि मिगलानी (15) के साथ आठवें विकेट के लिए महज 19 गेंदों में 46 रनों की तेज साझेदारी कर टीम को 195/8 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भोपाल की ओर से प्रियांशु शुक्ला और अनुराग मालविया ने 2-2 विकेट लिए, जबकि हिमांशु शिंदे ने 2 रन देकर 2 सफलताएं हासिल कीं। :: चंद्रोल-यादव की तूफानी शुरुआत, फिर मध्यक्रम का पतन :: लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल लेपर्ड्स को राहुल चंद्रोल (31) और तनिष्क यादव (42) ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने केवल 4.5 ओवर में 60 रन जोड़ दिए। पावरप्ले में भोपाल का स्कोर 1 विकेट पर 72 रन था, लेकिन पांचवें ओवर की अंतिम गेंद पर माधव तिवारी ने खतरनाक दिख रहे चंद्रोल को आउट कर मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद सूरज यादव (22), पवन निरवानी (17) और कप्तान अनिकेत वर्मा (18) बड़ी साझेदारी नहीं निभा सके। उज्जैन की ओर से आयुष मानकर (2/25) और माधव तिवारी (2/26) ने कसी हुई गेंदबाजी की। अंतिम ओवर में भोपाल को जीत के लिए 26 रनों की जरूरत थी। हर्षवर्धन हार्डिया की चौथी गेंद पर प्रांजुल पुरी (नाबाद 19) ने छक्का जरूर लगाया, लेकिन अंतिम गेंद पर हिमांशु शिंदे (16) के आउट होने के साथ ही भोपाल की उम्मीदें समाप्त हो गईं। :: संक्षिप्त स्कोर :: उज्जैन फाल्कन्स : 20 ओवर में 195/8 (माधव तिवारी नाबाद 61, यश दुबे 54; हिमांशु शिंदे 2/2, प्रियांशु शुक्ला 2/37) भोपाल लेपर्ड्स : 20 ओवर में 179/7 (तनिष्क यादव 42, राहुल चंद्रोल 31; आयुष मानकर 2/25, माधव तिवारी 2/26) प्रकाश/10 जून 2026