बीजिंग (ईएमएस)। चीन में एक सोशल मीडिया स्टार कुत्ते को पहले चुरा लिया गया और बाद में उसे एक रेस्तरां को बेच दिया गया। रेस्तरां के मालिक ने उसे काटकर मांस ग्राहकों को परोस दिया। करोडों में लोकप्रिय कुत्ते को लेकर इस तरह की घटना के सामने आने के बाद लोगों के बीच नाराजगी फैल गई है। इतना ही नहीं, इस घटना के बाद चीन में पशु संरक्षण कानूनों को लेकर बहस तेज हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘चुटौ’ नाम का यह कुत्ता चीन के प्रसिद्ध ट्रैवल इन्फ्लुएंसर गुओ का साथी था। चुटौ अपनी यात्राओं और वीडियो के कारण सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय था तथा उसके करीब डेढ़ करोड़ फॉलोअर्स बताए जाते हैं। 11 मई को वह अचानक लापता हो गया था। उस समय वह गुओ के माता-पिता के पास रह रहा था। कुत्ते के गायब होने के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में दो लोगों को कुत्ते को अपने साथ ले जाते हुए देखा गया। इसी दौरान विदेश यात्रा पर गए गुओ भी वापस लौट आए और उन्होंने चुटौ का पता बताने वाले को 10 हजार युआन का इनाम देने की घोषणा की। पुलिस ने बाद में दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कुत्ते को एक व्यापारी को मात्र 180 युआन में बेच दिया था। जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि व्यापारी ने चुटौ को एक रेस्तरां को बेच दिया था, जहां उसकी हत्या कर उसका मांस ग्राहकों को परोस दिया गया। आरोपियों का दावा है कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि चुटौ कोई प्रसिद्ध कुत्ता है। उनका कहना था कि उन्होंने उसे आवारा समझा था, क्योंकि वह उनके बुलाने पर उनके साथ चला आया था। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए गुओ ने गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि चुटौ के गले में ट्रैकिंग डिवाइस लगा हुआ था, लेकिन उसकी बैटरी समाप्त हो जाने के कारण उसका पता नहीं चल सका। बाद में उन्होंने कथित चोरों और रेस्तरां संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इस घटना ने चीन में पशु अधिकारों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि चीन में कुत्तों को मुख्य रूप से निजी संपत्ति के रूप में देखा जाता है और उनके संरक्षण के लिए कोई व्यापक राष्ट्रीय कानून मौजूद नहीं है। सुदामा/ईएमएस 11 जून 2026