लंदन (ईएमएस)। इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन अब द हंड्रेड क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में लंदन स्पिरिट की कप्तानी करते दिखेंगे। आईपीएल 2025 की विेजेता टीम के सदस्य रहे लिविंगस्टोन का लक्ष्य ऐसे में लॉर्ड्स में अपनी टीम को जीत दिलाना रहेगा। लिविंगस्टोन अभी अच्छे फॉर्म में हैं और इसी कारण से उन्हें टीम की कमान सौंपी गयी है। इसकी घोषणा लंदन स्पिरिट ने एक विशेष वीडियो के जरिये की है। लिविंगस्टोन ने कहा, मैं इस गर्मी में लंदन स्पिरिट की कप्तानी करने को लेकर बेहद से उत्साहित हूं। लॉर्ड्स सिर्फ एक मैदान नहीं, बल्कि क्रिकेट का एक पवित्र स्थल है जहां यहां आने वाले दर्शक हर मैच को यादगार बना देते हैं। हमारी टीम में असाधारण प्रतिभा है, और मेरा लक्ष्य इस सीजन में इतिहास रचना है। इससे साफ है कि झलकता है कि वह इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं और टीम को प्रेरित करने के लिए उत्सुक हैं। लंदन स्पिरिट के इतिहास में लिविंगस्टोन चौथे ऐसे खिलाड़ी होंगे जिन्हें यह महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई है। उनसे पहले इयोन मॉर्गन, डेनियल लॉरेंस और केन विलियमसन जैसे दिग्गज इस टीम की कप्तानी संभाल चुके हैं। मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने भी लिविंगस्टोन पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। फ्लावर ने कहा, लियाम मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह एक शानदार व्यक्तित्व के धनी हैं। मैं उन्हें इंग्लैंड लायंस के दिनों से जानता हूं और उन्हें लंदन स्पिरिट से जोड़ना हमारी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक था। उनकी सफलता की भूख और लगातार खुद को बेहतर बनाने की चाहत हमारी टीम की संस्कृति के साथ पूरी तरह से मेल खाती है। मुझे पूरा यकीन है कि वह आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगे और टीम को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।लिविंगस्टोन का मौजूदा फॉर्म उनकी नियुक्ति को और भी उचित ठहराता है। वह इस समय टी20 ब्लास्ट में असाधारण लय में हैं। हाल ही में उन्होंने लगातार दो मैचों में 80 से अधिक रन बनाए हैं। गिरजा/ईएमएस 11जून 2026