- पहले लंदन के बकिंघम पैलेस के पास 119.55 करोड़ की सम्पत्ति कर चुका अटैच इन्दौर (ईएमएस)1400 करोड़ के बहुचर्चित एसकेएनएल बैंक घोटाला मामले में कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने और 60 करोड़ रुपए से अधिक की सम्पत्ति अस्थायी रूप से अटैच कर ली है। यह आलीशान सम्पत्ति महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुरुड-अलीबाग क्षेत्र में समुद्र किनारे स्थित है। बता दें कि इसी मामले में इसके पहले 23 दिसंबर 2025 को पीएमएलए की धारा 17 के तहत तलाशी कार्रवाई के दौरान ईडी को विदेशी ट्रस्ट और ऑफशोर कंपनियों के माध्यम से रखी गई संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य मिले थे। जिनकी आधार पर ईडी इंदौर ने लंदन के बकिंघम पैलेस के पास 119.55 करोड़ की एक हाई-वैल्यू संपत्ति को भी अस्थायी अटैच किया था। ईडी इंदौर के अनुसार जांच में सामने आया है कि एस. कुमार्स नेशनवाइड लिमिटेड (एसकेएनएल) के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नितिन शंभुकुमार कासलीवाल ने अपने परिवार और नियंत्रण वाली कंपनियों के नेटवर्क के जरिए बैंकों के ऋण की राशि का कथित रूप से दुरुपयोग किया। जांच एजेंसी का दावा है कि बैंक ऋण से प्राप्त धनराशि को विभिन्न संबंधित संस्थाओं के माध्यम से घुमाकर अंततः अलीबाग स्थित इस लग्जरी समुद्र किनारे की संपत्ति को खरीदने में इस्तेमाल किया गया। इसी आधार पर ईडी ने पीएमएलए (धनशोधन निवारण अधिनियम) 2002 के तहत कार्रवाई करते 60 करोड़ से अधिक की इस आलीशान सम्पत्ति को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया। आनंद पुरोहित/ 11 जून 2026