- संवेदनशील इलाकों में बढ़ी निगरानी - 70 फील्ड यूनिट्स ने संभाला मोर्चा चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और अभेद्य बनाने के उद्देश्य से गठित विशेष महिला विंग सिंगप्पन स्पेशल फोर्स ने जमीन पर अपना काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री विजय द्वारा इस महत्वाकांक्षी विशेष बल के औपचारिक उद्घाटन के अगले ही दिन इसकी टीमें पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आईं। संवेदनशील और अधिक आवाजाही वाले इलाकों जैसे- बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में उपद्रवियों पर पैनी नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की भी मदद ली जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक के. भुवनेश्वरी ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की है। आईजी के. भुवनेश्वरी ने बताया कि पूरी तरह से महिला पुलिसकर्मियों वाली इस विशेष विंग का मुख्य मकसद महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले हर छोटे-बड़े अपराध पर अंकुश लगाना है। चेन्नई के एग्मोर स्थित राजारथिनम स्टेडियम में इस पहल की शुरुआत के बाद उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि सिंगप्पन को महिलाओं की सुरक्षा और त्वरित बचाव के लिए एक पूर्णतः समर्पित प्रणाली के रूप में तैयार किया गया है। इसके शुरुआती चरण के तहत पूरे राज्य में 70 फील्ड यूनिट्स ने सक्रिय रूप से काम करना शुरू कर दिया है, जिनमें 140 महिला उप निरीक्षक और 420 महिला कॉन्स्टेबल तैनात की गई हैं। इस विशेष बल के भविष्य के विस्तार की रूपरेखा साझा करते हुए आईजी ने बताया कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के बाद राज्यभर में इस यूनिट के सुचारू संचालन के लिए कुल 2,545 नए पदों को मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि महिलाओं का पीछा करने (स्टॉकिंग), यौन उत्पीड़न और सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ यह फोर्स बिना किसी देरी के त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। पहले चरण में तैनात की गई 70 विशेष टीमों में से 12 टीमों को अकेले चेन्नई शहर की सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है, जबकि अवादी और ताम्बरम पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत दो-दो टीमें मुस्तैद की गई हैं। ये सभी विशेष टीमें स्थानीय पुलिस अधिकारियों की देखरेख में काम करेंगी और कंट्रोल रूम से मिलने वाली किसी भी आपातकालीन सूचना (इमरजेंसी कॉल) पर तत्काल रिस्पॉन्स करेंगी। रामयश/ईएमएस 11 जून 2026