गोरखपुर,(ईएमएस)। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को रात भर हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। शहर और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर हुई वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहाना हो गया। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला है। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से लोगों को राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और कहीं-कहीं तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े न होने की सलाह दी है। सिराज/ईएमएस 11जून26