- 1 युवक की मौत दूसरा घायल जबलपुर, (ईएमएस)। जिले के सिहोरा थानांतर्गत शनि मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाकर मोटर साइकिल पर सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मोटर साइकिल पर सवार 30 वर्षीय सत्येंद्र चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे सवार 27 वर्षीय लक्ष्मण चौधरी को गंभीर चोटें पहुंचीं। सूचना मिलने पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा तथा घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया तथा मृतक के शव को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पान उमरिया निवासी 30 वर्षीय सत्येंद्र चौधरी तथा 27 वर्षीय लक्ष्मण चौधरी अलसुबह सिहोरा से अपनी मोटर साइकिल पर सवार होकर किसी निजी कार्य के लिए सिहोरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शनि मंदिर के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी मोटर साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरे और सत्येंद्र ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल लक्ष्मण चौधरी को अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश आरंभ कर दी है। अजय पाठक / मोनिका / 11 जून 2026/ 02.49