-यूएस एंबेसी ने अपने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की दी चेतावनी कुवैत सिटी,(ईएमएस)। खाड़ी क्षेत्र में जारी भीषण युद्ध के बीच कुवैत सरकार ने बड़ा और कड़ा सुरक्षा कदम उठाया है। ईरान की ओर से लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों को देखते हुए कुवैत ने अपने पूरे हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद करने का ऐलान किया है। कुवैत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुवैत आने वाली सभी उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया है और उन्हें दूसरे सुरक्षित हवाई अड्डों की ओर भेजा जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह घोषणा ऐसे समय की गई जब सेना ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियां सक्रिय होकर जवाबी गोलीबारी कर रही हैं। घोषणा से पहले कुछ समय तक कई विमान कुवैत के हवाई क्षेत्र के बाहर चक्कर लगाते रहे। कुवैत ने कहा कि यह कदम कुवैत पर ईरान के हमलों और उनसे क्षेत्र में नागरिक विमानन यातायात को उत्पन्न होने वाले संभावित खतरों को देखते हुए उठाया गया है। हाल के दिनों में कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी ईरान के हमले की चपेट में था जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। रिपोर्ट के मुताबिक बगदाद में यूएस एंबेसी ने अपने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की चेतावनी दी है। एंबेसी ने अपने नागरिकों से मौजूदा हालात में इराक की यात्रा न करने की भी सलाह दी है। इराक में यूएस एंबेसी ने एक बयान में ये भी चेतावनी दी कि यात्रा में रुकावट या बिना पहले से सूचना के एयरस्पेस के अचानक बंद होने की भी संभावना है। जॉर्डन में यूएस एंबेसी ने चेतावनी दी है कि अमेरिकी नागरिक शेल्टर में रहें और सिक्योरिटी एडवाइजरी का पालन करें। एंबेसी ने कहा कि रिपोर्ट्स से पता चलता है कि जॉर्डन के एयरस्पेस में मिसाइल, ड्रोन या रॉकेट हैं। तुरंत ऊपर से कवर लें और पनाह लें। घर के अंदर रहें और लोकल अनाउंसमेंट और अलर्ट पर ध्यान दें। सिराज/ईएमएस 11जून26