अंतर्राष्ट्रीय
11-Jun-2026
...


- इजराइली सेना ने की पुष्टि, उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं तेल अवीव,(ईएमएस)। ईरान के साथ हालिया तनाव के बीच उत्तरी इजराइल में स्थित रामत डेविड एयर बेस पर मिसाइल के कुछ टुकड़े गिरे। इसकी पुष्टि इजराइली सेना ने की है। इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इस घटना से एयर बेस को मामूली नुकसान हुआ है। उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। इससे पहले इजराइली मीडिया ने सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर खबर दी थी कि यह अहम सैन्य एयर बेस संभवतः हमले की चपेट में आया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को इजराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में हवाई हमले किए थे। इन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई थी और करीब 20 लोग घायल हुए थे। इसके बाद रविवार रात से सोमवार तक ईरान और इजराइल के बीच एक-दूसरे पर हमलों का सिलसिला जारी हो गया। अप्रैल में ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच हुए युद्धविराम के बाद यह सबसे गंभीर तनाव माना जा रहा है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा था कि उसने लेबनान में इजराइल के हमलों के जवाब में रामत डेविड एयर बेस पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं। उस समय आईडीएफ ने इस दावे पर कोई टिप्पणी नहीं की थी। बाद में सोमवार को ईरान और इजराइल दोनों ने संकेत दिए कि वे अपने हमले रोक रहे हैं। हालांकि, इजराइल ने चेतावनी दी है कि यदि उत्तरी इजराइल पर कोई हमला होता है तो वह बेरूत को निशाना बनाएगा और लेबनान में हिज्‍बुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा। वहीं, ईरान ने कहा है कि अगर इजराइल ने ईरान या लेबनान पर फिर हमला किया, तो तेहरान की प्रतिक्रिया पहले से कहीं ज्यादा कड़ी और विनाशकारी होगी। इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने एक बयान में कहा कि पिछले 24 घंटों में उसने टायर इलाके में हिज्‍बुल्लाह के छह ठिकानों पर हमला किया। इनमें एक ऐसा ठिकाना भी शामिल था, जहां से लेबनान में मौजूद इजराइली सैनिकों पर ड्रोन हमले किए जाते थे। सेना ने यह भी बताया कि दक्षिणी लेबनान के अन्य इलाकों में मौजूद रॉकेट लॉन्चरों को भी निशाना बनाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक टायर के एक रिहायशी इलाके पर हुए इजराइली हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 35 घायल हुए। घायलों में छह महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। इजराइली सेना ने यह भी दावा किया कि उसने गाजा पट्टी में हमास के फंड ट्रांसफर नेटवर्क के प्रमुख खादर जमासी और उनके डिप्टी मुहम्मद हराजि‍न को मार गिराया है। सिराज/ईएमएस 11जून26