* 13 जून को गुजरात यूनिवर्सिटी से अहमदाबाद यूनिवर्सिटी तक निकलेगी मशाल रैली, 22 लाख छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात प्रदेश युवा कांग्रेस ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. प्रवीणसिंह वणोल ने राजीव गांधी भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि देशभर के 22 लाख से अधिक छात्रों तथा गुजरात के 85 हजार विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। इस मुद्दे पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 13 जून 2026 को गुजरात यूनिवर्सिटी से अहमदाबाद यूनिवर्सिटी तक भव्य मशाल रैली निकाली जाएगी। डॉ. वणोल ने कहा कि नीट पेपर लीक ने देश के लाखों मेधावी छात्रों की मेहनत और सपनों को गहरा आघात पहुंचाया है। इस घटना के कारण पूरे देश में व्यापक आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक माफिया और केंद्र की भाजपा सरकार की विफल नीतियों के कारण छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा नहीं देते, तब तक देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। डॉ. वणोल ने बताया कि गुजरात में 85 हजार से अधिक छात्रों ने नीट परीक्षा दी थी, जिनकी कड़ी मेहनत पर पानी फिर गया है। युवा कांग्रेस ने घोषणा की है कि 13 जून को आयोजित मशाल रैली में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल होंगे। संगठन ने छात्रों के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है। सतीश/11 जून