राज्य
11-Jun-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। लोकसुधा संगीत गुरुकुल संस्थान द्वारा विगत दिवस शहीद स्मारक में आकाशवाणी के सुप्रसिद्ध गायक स्व. गौरव रवि श्रीवास्तव की स्मृति में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शास्त्रीय, सुगम एवं लोकसंगीत की त्रिवेणी कही जाने वाली डॉ. शिप्रा सुल्लेरे को ‘संस्कारधानी स्वर कोकिला’ सम्मान से विभूषित किया गया। अतिथियों द्वारा उन्हें सम्मान पत्र के साथ 51 सौ रुपये की सम्मान राशि भी प्रदान की गई। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक अजय विश्नोई ने कहा कि संगीत समाज में सुंदर और कोमल भावों को जन्म देता है। डॉ. शिप्रा सुल्लेरे का सम्मान वास्तव में संस्कारधानी का सम्मान है। अध्यक्षता कर रहे विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि संगीत के अभाव में समाज भावशून्य हो जाएगा। संगीत ही समाज का सुंदर निर्माण करता है। विशिष्ट अतिथि विधायक सुशील इंदु तिवारी ने डॉ. शिप्रा को बधाई देते हुए कहा कि आप जैसे कलाकार नगर का गौरव बढ़ाते हैं। सारस्वत अतिथि डॉ. अभिजात कृष्ण त्रिपाठी ने संगीत को आज के भौतिक युग में संजीवनी बताया। आयोजन के द्वितीय चरण में सम्मानित कलाकार डॉ. शिप्रा सुल्लेरे ने देवीगीत ‘कितने रूप तुम्हारे भवानी मैया’, भक्तिगीत ‘जइयो पनघट आज’ और ‘सखी सुनो लगे ब्रजधाम’ गाकर संगीत सभा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पंडित रुद्रदत्त दुबे, डॉ. बैजनाथ गौतम, शिवानी राजपूत, दिव्यानी तिवारी, प्रियंका सोनी, पूजा जैन, श्रेया मिश्रा, अनुषा ग्रोवर ने भी प्रस्तुतियां दीं। संगतकार के रूप में परशुराम पटेल, अंजू दुबे, ऋषभ भट्ट और योगेश सिंह उपस्थित रहे। संगीत सभा का संचालन ‘गूंज’ की संस्थापक माधुरी उमेश मिश्रा ने किया तथा आभार अधिवक्ता धीरज श्रीवास्तव ने व्यक्त किया। सुनील साहू / मोनिका / 11 जून 2026/ 06.12