- पांच आरोपी गिरफ्तार, गांजा, मोबाइल, तलवार जप्त - चाय-नाश्ते की दुकान की आड़ में हो रही थी गांजा तस्करी भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल की क्राइम ब्रांच टीम राजधानी में फैले नशे और अवैध हथियार तस्करी के के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए लगातार कार्यवाही कर रही है। इसी कड़ी में टीम ने नशा तस्करों एवं अवैध हथियार रखने वाले पॉच आरोपियो को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 850 ग्राम गांजा, 2 मोबाइल सहित धारदार तलवार जप्त की है। कई आरोपी चाय-नाश्ता की दुकान की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे थे। थाना प्रभारी थाना क्राइम ब्रांच अशोक मरावी से मिली जानकारी के मुताबिक टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्यवाही करते 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। - अस्पताल के पास खड़े थे गांजा बेचने की फिराक में पहली कार्यवाही में टीम को सूचना मिली की चिरायु अस्पताल बैरागढ़ के पास दो संदिग्ध व्यक्ति गांजा लेकर उसे बेचने की फिराक में खड़े हैं। खबर मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर दोनो को पकडते हुए पूछताछ की। आरोपियो की पहचान विशाल केसवानी उर्फ बद्दी पिता दौलत राम केसवानी (28) निवासी और संजय राठोर उर्फ संजू पिता भगवान सिंह राठोर (26) दोनो निवासी लोहापीटा गली सीहोर नाका बैरागढ़ के रुप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से लगभग 790 ग्राम गांजा, 2 मोबाइल फोन जप्त मिले। आरोपियो के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर गिरफ्तार करते हुए माल को जप्त कर लिया गया। - गांजे की पुड़िया बनाकर बेच रहे थे, तलवार भी बरामद दूसरी कार्यवाही में मुखबिर से सूचना मिली की गांधी नगर स्थित हरी मजार के पास कुछ व्यक्ति गांजा की पुड़िया बनाकर बेच रहे हैं। टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धो को पकडा। उनकी पहचान शराफत अली पिता शौकत अली (47) निवासी, दौराहा जिला सीहोर हाल पता, हाउसिंग बोर्ड करोंद भोपाल, अमन खान पिता कादर खान (22) निवासी गांधी नगर, दीपेश यदुवंशी पिता सिपतलाल यदुवंशी निवासी, छावनी मंगलवारा हाल पता, गांधी नगर के रुप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 60 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं आरोपी अमन खान के कब्जे से धारदार दोधारी तलवार भी जप्त की गई। अधिकारियो ने बताया की दोनों कार्यवाहियों में आरोपियों के कब्जे से 850 ग्राम गांजा, मोबाइल फोन, धारदार तलवार जप्त की गई है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आरोपी अमन खान के खिलाफ अतिरिक्त रूप आर्म्स एक्ट की धारा के तहत कार्यवाही की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों से गांजा उपल्ब्ध कराने आरोपी, सप्लायर सहित उनके राजधानी में फैले नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी है। आरोपी शराफत अली डेयरी का औरअमन खान कबाडे का दीपेश यदुवंशी कचरा बीनने का काम करता है। जुनेद / 11 जून