क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


- 17 हजार के ईनामी फरार आरोपी सहित दो बदमाश गिरफ्तार भोपाल(ईएमएस)। फरार अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए निशातपुरा पुलिस ने इलाके में स्थित ईरानी डेरा अमन कॉलोनी पर भारी पुलिस बल के साथ एक बार फिर दबिश दी। जानकारी के मुताबिक करीब 40 पुलिसकर्मियों की टीम के साथ कॉलोनी में दी गई दबिश के दौरान इलाके में एक बार फिर अफरा-तफरी फैलने लगी। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 हजार रुपए के इनामी निगरानी बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार इनामी बदमाश ने पुलिस को बताया कि वह डेरे में लंबे समय से फरारी काट रहा है। जानकारी के अनुसार पुलिस कमिश्नर संजय सिंह के निर्देश पर 10 जून की शाम ईरानी डेरे में सर्चिंग और रेड कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश के साथ ही फरार आरोपियों और वारंटियों की जानकारी जुटाने के बाद कार्रवाई शुरू की। - 24 वारदातो के आरोपी सालिग उर्फ रेहान को दबोचा - 17 हजार का ईनामी, तीन थानो की पुलिस को थी तलाश कार्रवाई के दौरान टीम ने निशातपुरा थाने के निगरानी बदमाश सालिग उर्फ रेहान ईरानी पिता शौकत ईरानी (32) निवासी अमन कॉलोनी, ईरानी डेरा को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भोपाल सहित अलग-अलग जिलों में लूट, चोरी, जालसाजी, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे 24 गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर अलग-अलग मामलों में 17 हजार का इनाम घोषित था। इसमें थाना रानीपुर जिला बैतूल के प्रकरण में 10 हजार, कोतवाली रायसेन के मामले में 5 हजार और थाना पिपलानी भोपाल के प्रकरण में 2 हजार का इनाम शामिल है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी था। - 15 अपराधो का आरोपी है रिजवान पुलिस ने जिला पन्ना के एक मामले में संदेही रिजवान हुसैन पिता आशिक अली (40) निवासी, अमन कॉलोनी, ईरानी डेरा को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रिजवान के खिलाफ चोरी, लूट, जालसाजी और मारपीट सहित 15 गंभीर अपराध मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों में दर्ज हैं। - पूछताछ में उजागर होगें कई राज अफसरो के मुताबिक दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अनुमान है की पूछताछ के दौरान अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में अहम जानकारी मिल सकती है। अफसरो का कहना है की पुलिस लगातार ईरानी डेरे में रहने वाले संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। अधिकारियों का दावा है कि लगातार कार्रवाई के चलते मोबाइल झपटमारी और संपत्ति संबंधी अपराधों में कमी आई है। कार्रवाई में निशातपुरा, छोला मंदिर, गांधीनगर थाना पुलिस भी शामिल थी। जुनेद / 11 जून