बेगूसराय, (ईएमएस)। बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों के बेखौफ होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। लाखो थाना क्षेत्र के लोदीपुर शाहपुर गांव में रंगदारी को लेकर दर्जनों राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद वर्चस्व और रंगदारी को लेकर बताया जा रहा है। पीड़ित राजेश कुमार उर्फ सेंटु सिंह ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने रंगदारी नहीं देने पर उनके बुजुर्ग पिता के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। जब उनका छोटा भाई अमरदीप बीच-बचाव करने पहुंचा तो हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। पीड़ित पक्ष ने ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पप्पू ठाकुर, राहुल ठाकुर और रोहित ठाकुर पर जानलेवा हमले का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी ओर आरोपी पक्ष की एक महिला ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि यह मामला चुनावी और आपसी रंजिश का परिणाम है और उनके परिवार को झूठे केस में फंसाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस और 8 खोखे बरामद किए हैं, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोनू राय (पिता-अरुण राय, निवासी नारेपुर, बछवारा) के पैर में गोली लगने की भी बात सामने आई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। लाखो थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी है और पूरे इलाके में छानबीन की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है और गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। संतोष झा- ११ जून/२०२६/ईएमएस