- सुचारू सफाई व्यवस्था सहित वर्षा पूर्व जल निकासी की पुख्ता तैयारी, नोडल अधिकारी कर रहे वार्ड स्तर पर सघन मॉनिटरिंग कटनी (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में नगर को स्वच्छता के शिखर का खिताब दिलाने तथा आगामी वर्षा ऋतु में नागरिकों को जलभराव की समस्या से मुक्ति प्रदान करने के दोहरे उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी का स्वास्थ्य एवं स्वच्छता अमला चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। दो मोर्चों पर एक साथ कार्रवाई स्वच्छ सर्वेक्षण के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप शहर को 5-स्टार रेटिंग दिलाने हेतु स्वच्छता मित्रों की टीम प्रातःकाल से ही मैदान में उतर रही है। मुख्य बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, आवासीय कॉलोनियों एवं स्लम क्षेत्रों में दैनिक सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्करण एवं ब्लैक स्पॉट के उन्मूलन का कार्य मिशन मोड में किया जा रहा है। जल निकासी तंत्र को किया जा रहा सुदृढ़ निगम प्रशासन का मानना है कि स्वच्छ शहर की परिकल्पना जलभराव मुक्त शहर के बिना अधूरी है। इसी रणनीति के तहत शहर के समस्त बड़े-छोटे नालों, नालियों एवं पुलियों की तली झाड़ सफाई का महाअभियान चलाया जा रहा है। जेसीबी एवं मैनुअल श्रमिकों के संयुक्त प्रयास से वर्षों से जमी सिल्ट, पॉलिथीन एवं ठोस अपशिष्ट को निकालकर जल प्रवाह को अवरोध मुक्त किया जा रहा है। संवेदनशील निचले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि मूसलाधार बारिश में भी जल निकासी सुगम बनी रहे। नोडल अधिकारी मैदान में निगमायुक्त द्वारा सफाई व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग हेतु वार्डवार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये अधिकारी प्रतिदिन अपने आवंटित वार्डों का स्थलीय भ्रमण कर रहे हैं। भ्रमण के दौरान प्राप्त कमियों जैसे कचरा उठाव में विलंब, नाली चोक होना का तत्काल निराकरण कराया जा रहा है। जवाबदेही से ही उत्कृष्टता के मंत्र पर कार्य करते हुए नोडल अधिकारी फील्ड की प्रत्येक गतिविधि की रिपोर्ट सीधे निगम मुख्यालय को प्रेषित कर रहे हैं। नागरिक सुविधा सर्वोपरि निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में उच्च रैंक प्राप्त करना हमारा लक्ष्य अवश्य है, परंतु अंतिम लक्ष्य नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं जलभराव मुक्त वातावरण प्रदान करना है। चिलचिलाती धूप में पसीना बहा रहे स्वच्छता मित्रों का परिश्रम तभी सार्थक होगा जब नागरिक भी कचरा खुले में न फेंकने, पॉलिथीन का उपयोग न करने एवं नालियों में ठोस कचरा न डालने के संकल्प को अपनाएं। जन-सहयोग से ही बनेगा नंबर-1 कटनी निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को पृथक-पृथक कर निगम वाहन को ही दें। अपने आसपास की नालियों को चोक होने से बचाएं। क्योंकि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयास से ही कटनी स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में शिखर पर पहुंचेगा और वर्षा ऋतु में जलभराव शून्य का लक्ष्य प्राप्त करेगा। ईएमएस/मोहने/ 11 जून 2026